कसेंदा : पंचायत चुनाव होने के बाद मतगणना हो चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों की विकास की डोर संभालने वाले नव निर्वाचित प्रधानों का अभी शपथ लेना और हाथों में बागडोर लेना अभी बाकी है। लेकिन, इसके पहले ही गांव में तैनात सचिव बेफिक्र होकर गांवों की सुध लेना बंद कर दिए हैं। जिसके चलते गांवों में साफ- सफाई, जल निकासी, शौचालय आदि की व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। ग्राम प्रधान, क्षेत्र और जिला पंचायत सदस्यों का कार्य काल खत्म होते ही गांव की जिम्मेदारी ब्लाक के कर्मचारियों के हाथों सौंप दी गई थी। ग्राम प्रधानों की जिम्मेदारी सचिव के देख रेख में हो रही है। नए प्रधानों के हाथों में गांव की सरकार सौंपने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को संपन्न करा दिया गया है। नव निर्वाचित प्रधानों को अभी कार्य भार सौंपना बाकी है। शपथ के बाद गांव की सरकार नव निर्वाचित प्रधान को दी जाएगी। इन दिनों सचिवों ने भी अपना ध्यान गांवों से पूरा तरह से हटा लिया है। जिससे विकास खंड चायल के कसेंदा, फतेहपुर सहावपुर, बिलासपुर, मुरादपुर विकास खंड नेवादा के बूंदा, पेरवा, पेरई, तिलगोड़ी आदि गांव में पानी निकासी और साफ सफाई को लेकर कार्य चरमरा गया है। बारिश से पानी निकासी की व्यवस्था भी चौपट हो चुकी है। सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीणों को सफाई को लेकर हो रही है। सचिवों की नजरें ओझल होने के बाद से सफाई कर्मियों की मनमानी भी शुरू हो गई है। नतीजतन ग्रामीणों को बजबजाती नालियां, जलमग्न रास्तों की मार झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत सचिव से किया, लेकिन कसेंदा गांव के लोगों को गंदे पानी की निकासी से निजात नहीं मिली है।
संसू, भरवारी : थाना कोखराज क्षेत्र के चमरुपुर की एक विवाहिता ने पति, सास, ससुर पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जनपद प्रयागराज के थाना थाना सोरांव क्षेत्र के सुगनीपुर निवासनी नेहा बानो की छह माह पहले शादी थाना कोखराज के ग्राम चमरुपुर निवासी शाहे आलम पुत्र इसरार आलम के साथ मुस्लिम रीति रिवाज के साथ शादी हुई थी। गुरुवार को नेहा बानो ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अब पति शाहे आलम, ससुर इसरार व सास सबीहा बेगम दो पहिया गाड़ी व 50 हजार रुपये की की मांग कर रहे हैं। मांग न पूरी होने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। साथ ही जान से मार देने की धमकी दी जा रही है। दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज : मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के सईदाबाद गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मामले में पुलिस ने दोनों पक्ष से 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नारा : गेहूं खरीद केंद्र शमशाबाद का गुरुवार की दोपहर सिराथू एसडीएम प्रखर उत्तम ने औचक निरीक्षण किया। खरीद की धीमी प्रगति होने पर केंद्र प्रभारी को कड़ी फटकार लगाते हुए तेजी लाने का निर्देश दिया। कृषकों के गेहूं की उपज बेचने के लिए किसान सेवा सहकारी समिति शमशाबाद मे क्रय केंद्र बनाया गया है। खरीद के लिए आठ हजार क्विंटल का लक्ष्य दिया गया है। इसके साथ ही अब तक 77 किसानों का 3144 क्विंटल गेहूं की खरीद की गयी है। गुरुवार की दोपहर निरीक्षण करते हुए उपजिलाधिकारी ने खरीद रजिस्टर, खरीदे गए गेहूं के रखरखाव व केंद्र के बाहर पड़े किसानों के गेहूं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान मौजूद रहे मोनू त्रिपाठी, त्रिभुवन तिवारी आदि लोगों ने बताया कि दो हफ्ते से गेहूं केंद्र के बाहर पड़ा है। जिसकी अब तक तौल नहीं कराई गई। केंद्र प्रभारी शिवभवन यादव को कड़ी फटकार लगाते हुए एसडीएम ने दो दिन में केंद्र के बाहर पड़े किसानों के गेहूं की तौल कराने का निर्देश देते हुए खरीद में तेजी लाए जाने को कहा। मास्क न लगाने वालों से वसूला गया 39 हजार का जुर्माना : कोरोना संक्रमण की रफ्तार पर शिकंजा कसने के लिए जिले की पुलिस ने मास्क न लगाने वाले लोगों पर कार्रवाई का अभियान चला रखा है। गुरुवार को कुल 53 लोगों से 21 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया। इतना ही नहीं, कई वाहनों का चालान भी पुलिस ने किया।